दो मामलों में किन्नौर पुलिस
ने पकड़ी 38 ग्राम चरस
सांगला (किन्नौर)। रिकांगपिओ और कड़छम पुलिस ने वीरवार रात को दो अलग अलग मामलों में 38 ग्राम चरस बरामद की है। नाके और छापामारी के दौरान पुलिस ने यह सफलता पाई है। पुलिस ने दोनों मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर हिदायत देकर छोड़ दिया है।
पुलिस चौकी कड़छम से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार देर शाम को चौकी प्रभारी कड़छम भरत सिंह की अगुवाई में पुलिस की टीम ने नाके के दौरान राहुल ढेहरू (47) गांव सापनी, तहसील कल्पा, जिला किन्नौर से कड़छम डैम के पास सांगला संपर्क मार्ग पर 24 ग्राम चरस बरामद की। वहीं रिकांगपिओ पुलिस ने भी गश्त और नाकाबंदी के दौरान एएसआई रोशन लाल की अगुवाई में एनएच 5 पर पोवारी के पास नाके के दौरान घास लेकर पोवारी से जिला मुख्यालय जा रहे एक वाहन एचपी 25 सी 7171 के चालक किशोर कुमार (40), गांव कल्पा तहसील कल्पा, जिला किन्नौर से 14 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने चालक को भविष्य में चरस न रखने की हिदायत देकर छोड़ दिया है। एसपी किन्नौर साक्षी वर्मा ने कहा कि पुलिस अवैध नशे में संलिप्त लोगों पर कड़ी नजर बनाए हुए है। गैर कानूनी कार्यों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को पुलिस नहीं बख्शेगी।