फिल्मी और पहाड़ी गानों पर झूमे लोग
राज्यस्तरीय किन्नौर महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या
साम्या शबाब शबरी, अनुज शर्मा, साहिल ने मचाया धमाल
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ/ सांगला (किन्नौर)। राज्यस्तरीय किन्नौर महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या के स्टार नाइट में कुमार साहिल, इंडियन आइडल अनुज शर्मा और बॉलीवुड सिंगर साम्या शबाब शबरी ने एक के बाद एक फिल्मी गानों की प्रस्तुति देकर पंडाल में उपस्थित लोगों को थिरकने में मजबूर कर दिया।
सबसे पहले मंच पर कुमार साहिल ने अम्मा पूछदी सुन धिए मेरिये, लग जा गले आदि गानों से लोगों का मनोरंजन किया। इसके बाद अनुज शर्मा ने ये जो हल्का हल्का सरूर है, चन्ना मेरेया, माए नी मेरिये, लंदन ठुमकदा, मुझसे शादी करोगी गुलाबी आंखें, दमादम मस्त कलंदर सहित अन्य गाने गाकर वाहवाही लूटी। संध्या की अंतिम प्रस्तुति में साम्या शबाब शबरी ने मैं पल दो पल का शायर हूं, तेरे नैना बड़े कातिल, मेरे रश्के कमर, गोविंदा आला रे, चलाओ न नैनों से बाण रे, डम-डम डिगा डिगा मौसम भिगा भिगा, जग घुमया, जय-जय शिव शंकर, तुझे लागे न नजरिया सहित अन्य कई फिल्मी गानों की प्रस्तुतियां देकर मेले में उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया।
पहली सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि प्रधान सचिव खाद्य एवं उपभोक्ता आपूर्ति एवं जनजातीय विकास ओकार चंद शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। इस मौके पर उपायुक्त किन्नौर एवं मेला कमेटी अध्यक्ष गोपाल चंद ने मुख्य अतिथि को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर आयुक्त एवं मेला कमेटी सचिव सुरेंद्र ठाकुर, एसडीएम कल्पा डॉ. अवनिंद्र कुमार शर्मा, डीएसपी किन्नौर धनसुख दत्ता, डीआई किन्नौर विक्रम सिंह, जिला लोक संपर्क अधिकारी किन्नौर ममता नेगी, थाना प्रभारी रिकांगपिओ इंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।