ठियोग (रामपुर बुशहर)। पर्यटन स्थल कुफरी के साथ लगते एनएच-5 पर गलु में एक नामी होटल स्वच्छ भारत अभियान की सरेआम धज्जियां उड़ा रहा है। यहां एक नामी कंपनी का होटल पिछले कई सालों से चांदी कूट रहा है। लेकिन होटल की सारी गंदगी नेशनल हाईवे पर लिफाफों में डाल कर फेंकी जा रही है। यहां से अकसर अधिकारी गुजरते हैं। क्षेत्र में गंदगी से फैल रहे प्रदूषण पर कोई गौर नहीं कर रहा। अगर ऐसा न होता तो आज दिन तक होटल संचालकों पर नकेल कसी जाती।
देश-विदेश से पर्यटक कुफरी में घूमने आते हैं। लेकिन उनका स्वागत यहां कूड़े के ढेर से होता है। पंजाब से यहां घूमने आए अजय चंदेल, विक्रम ठाकुर, रोहित, सीमा और आरती ने बताया कि वे पहाड़ों में घूमने आए हैं। यहां पर गंदगी देखकर बहुत बुरा लगता है। निजी होटल के साथ बने शेड को गंदगी से भरा जा रहा है। साथ लगते भवन के मालिक अश्वनी सूद ने बताया कि इस गंदगी को हटाने के लिए कई बार होटल प्रबंधन को कहा गया। लेकिन होटल प्रबंधन ने इस बारे में कुछ नहीं किया। उधर, पंचायत प्रधान राजिंद्र सिंह झीना ने बताया कि होटल की शिकायत को लेकर वह डीसी शिमला को भी मिल चुके हैं। लेकिन होटल प्रबंधन इस पर गंभीरता नहीं दिखा रहा। उन्होंने बताया की अब पंचायत की ओर से थाने में मामला दर्ज करवाया जाएगा। उधर, होटल मैनेजर जीआर शर्मा ने बताया कि जल्दी ही इस गंदगी को उठा लिया जाएगा।