अमर उजाला ब्यूरो
ठियोग (रामपुर बुशहर)। पुलिस थाना ठियोग के तहत आने वाली सरोग पंचायत में बने एक तालाब में डूबने से एक महिला की मौत हो गई है। यह हादसा उस समय पेश आया जब महिला गांव के साथ बने एक तालाब में मछलियों को दाना डाल रही थी। पुलिस ने मृतक महिला का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हमेशा की तरह महिला शनिवार सुबह करीब छह बजे गांव के साथ बने तालाब में मछलियों को आटे डालने गई थी। तालाब के किनारे अचानक महिला का पैर फिसला और वह तालाब में जा गिरी। उसे कोई सहायता नहीं मिल पाई, जिस कारण उसकी डूबने से मौत हो गई। महिला की पहचान बिमला (50) निवासी सरोग के रूप में हुई है। इस महिला की दाहिनी टांग भी सुचारु रूप से कार्य नहीं करती थी। महिला जब तालाब में गिरी तो किसी ने उसे नहीं देखा। हालांकि, जब स्थानीय लोगों ने महिला का शव देखा तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस को सूचना सुबह साढ़े दस बजे के करीब मिली। मौके पर गई एएसआई सुभाष कुमार की अगुवाई में पुलिस की टीम ने स्थानीय जनता की मदद से महिला को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद महिला को सिविल अस्पताल ठियोग लाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया। डीएसपी ठियोग बलवीर जसवाल ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर लिया है।