फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: सेरीपुल में 100 मीटर धंसी सड़क, यातायात ठप

विज्ञापन
विज्ञापन
12/20 घाटी की चार पंचायतों का कटा संपर्क, बागवानों और ग्रामीणों की बढ़ी दुश्वारियां
विज्ञापन

लोक निर्माण विभाग समस्या का स्थायी समाधान करने में नाकाम

बागवानों ने चेताया, जल्द समस्या का निपटारा नहीं हुआ तो करेंगे आंदोलन

संवाद न्यूज एजेंसी

रामपुर बुशहर। रामपुर-मझाली सड़क पर सेरीपुल में सड़क धंसने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बार-बार धंस रही सड़क के कारण हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के चलते शनिवार रात को फिर से सेरीपुल में करीब 100 मीटर सड़क धंस गई। इसके कारण जहां ग्रामीणों को आवाजाही करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं घाटी के बागवानों को लाखों सेब की पेटियों को मंडियों तक पहुंचाने की चिंता सताने लगी है।

गौर हो कि बीते वर्ष भी सेरीपुल में सड़क धंसने से करीब तीन माह तक यातायात पूरी तरह से ठप हो गया था। बावजूद इसके न प्रशासन और न ही लोक निर्माण विभाग ने सड़क का स्थायी समाधान करने की जहमत उठाई। सेब सीजन में बागवानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। वहीं हाल अब इस वर्ष भी बरसात में शुरू हो गया है। बीते कई दिनों से सड़क धंसने का सिलसिला जारी है। लोक निर्माण विभाग खानापूर्ति के लिए मशीन लगाकर मिट्टी भरवाकर इतिश्री कर रहा है। ऐसे में यहां से गुजरने वाले वाहन भी खतरे के साये में सफर करने को मजबूर हो रहे हैं। वहीं शनिवार रात को आई भारी बारिश से सेरीपुल में करीब 100 मीटर सड़क का हिस्सा ढह गया। इसके साथ ही ऊपरी तरफ से भूस्खलन को रोकने के लिए लगाई गई क्रेट वॉल बीच सड़क के साथ नीचे धंस गई । इसके कारण यहां पर पूरी तरह से वाहनों के पहिये थमे गए हैं। यातायात ठप होने से दुर्गम पंचायत काशापाट, मुनिश, कूहल और देवठी का संपर्क कट गया है। क्षेत्र में सेब सीजन भी शुरू है, ऐसे में सड़क बाधित होने से अब इस धंसे हुए प्वाइंट को पार कर सेब पेटियों को दूसरे वाहनों में ले जाने के लिए विवश हैं और दोहरी मार झेल रहे हैं।
विज्ञापन

उधर, लोक निर्माण विभाग तकलेच के सहायक अभियंता शोभाराम का कहना है कि सेरीपुल और नरैण में धंसी सड़क को दुरुस्त करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही बाधित सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
बॉक्स
सड़क नहीं सुधरी तो करेंगे धरना-प्रदर्शन
सेब उत्पादक संघ के राज्य सचिव प्रेम चौहान ने कहा कि 7वें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं रामपुर के विधायक नंदलाल के गृह क्षेत्र को भी यही सड़क जाती है। जब इस सड़क की सुध ही नहीं तो अन्य ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की दशा कैसे होगी। इससे सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि घाटी से करीब चार लाख सेब की पेटियां इसी मार्ग से जाती हैं, लेकिन सड़क का धंसना इस बार भी बागवानों को रूलाएगा। उन्होंने चेताया है कि यदि सड़क का जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो लोक निर्माण विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
विज्ञापन

बाक्स
रामपुर-रोहड़ू सड़क भी नरैण में धंसी

शनिवार रात को भारी बारिश के कारण रामपुर-रोहड़ू सड़क का एक बड़ा हिस्सा नरैण के पास ढह गया है। यहां पर सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा पूरी तरह से ढह गया है। सड़क बाधित होने के कारण बागवानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कंछीड़ घोड़ी से करीब डेढ़ लाख सेब की पेटियों को मंडियों तक पहुंचाने की चिंता बागवानों को सताने लगी है। क्षेत्र के ग्रामीणों ने सरकार, प्रशासन और लोनिवि से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें