माकन-सांडा रोड पर सडक के गड्ढों को भरते युवा। स्रोत जागरूक पाठक
लडभड़ोल (मंडी)। लोक निर्माण विभाग की अनदेखी के बाद माकन गांव के युवाओं और शारदा माता मंदिर कमेटी के सदस्यों ने खुद ही सांडा-माकन रोड की मरम्मत का बीड़ा उठाया है। युवाओं ने न केवल सड़क के गड्ढे भरे बल्कि मार्ग के किनारों पर उगी झाड़ियों को भी काटा।
कुछ दिन पहले शुरू किया गया मरम्मत का कार्य अधूरा रह गया था। इसे पूरा करने के लिए शारदा माता मंदिर कमेटी के प्रधान सूबेदार हरनाम सिंह और संसार के मार्गदर्शन में गांव के युवा आगे आए। युवा कमल, निशांत, सुशील, अभि और पंकज ने मिलकर सड़क के गड्ढों में मिट्टी भरी और सड़क को समतल किया। इसके अतिरिक्त सड़क को मजबूती देने के लिए किनारों पर पत्थर भी लगाए।
ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग लडभड़ोल इस गंभीर समस्या पर पूरी तरह मौन धारण किए हुए है। लोगों का कहना है कि विभाग को सड़क की खस्ता हालत के बारे में कई बार सूचित किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
रोष जताते हुए ग्रामीणों ने कहा कि सड़क के किनारों तक फैली झाड़ियों को काटना विभाग का नियमित रखरखाव कार्य है, लेकिन विभाग ने इसे भी नहीं किया। युवाओं ने इन झाड़ियों को भी स्वयं काटकर मार्ग को साफ किया। गांववासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से अपील की है कि इस सड़क की स्थायी मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू किया जाए।
....
सांडा-माकन सड़क की जानकारी मिली है। सड़क के गड्ढों को जल्द ही भर दिया जाएगा। लेबर भेज कर सड़क को ठीक करवाया जाएगा।
-पवन गुलेरिया, सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी, लडभड़ोल