मंडी। जिले में बढ़ते नशे के धंधे और चिट्टे के डंक से युवाओं को बचाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) अपने स्थापना दिवस पर नौ अप्रैल को रन अगेंस्ट चिट्टा मैराथन का आयोजन करेगी। इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज में एक स्वस्थ, नशा मुक्त वातावरण का संदेश देना है।
एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष अनित जसवाल ने बताया कि पांच किलोमीटर लंबी मैराथन सुबह 6:30 बजे ऐतिहासिक सेरी मंच से शुरू होगी। दौड़ का मार्ग सेरी मंच से शुरू होकर भीमाकाली पुल, विक्टोरिया पुल और चौहाटा बाजार से होते हुए वापस सेरी मंच पर संपन्न होगा। संगठन के कार्यकर्ता इस आयोजन को बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं।
प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रथम पुरस्कार 3100 रुपये , द्वितीय 2100 और तृतीय पुरस्कार 1100 रुपये के अलावा सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा। चौथे से दसवें स्थान तक आने वाले धावकों को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा मैराथन में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।