संविधान के प्रति युवाओं को जागरूक कर नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। गांधी भवन मंडी में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र कुमार ने संविधान नेतृत्व कार्यक्रम के तहत ‘लोकतंत्र का पांचवां स्तंभ’ मुहिम का शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को संविधान के प्रति जागरूक करना और उन्हें नेतृत्व के लिए तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि यह पहल संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुहिम के तहत विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन की आवाज को प्रमुखता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में मूलभूत मुद्दों को उठाने वाले डिजिटल निर्माताओं की पहचान की जाएगी। चयनित व्यक्तियों को उनकी योग्यता, पात्रता, निर्भयता, साहस और सामाजिक जिम्मेदारी के आधार पर मंच प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्हें पार्टी में विभिन्न भूमिकाएं, प्रवक्ता के रूप में अवसर और सामाजिक-राजनीतिक सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा।