सरकाघाट (मंडी)। नागरिक अस्पताल सरकाघाट में दांतों का उपचार करवाने वाले मरीजों को अब एक्सरे के लिए अलग सेक्शन में नहीं जाना पड़ेगा। बापू आशा राम आश्रम सरकाघाट की ओर से सेवा संकल्प समिति के माध्यम से अस्पताल को पोर्टेबल डेंटल एक्सरे मशीन भेंट की गई है।
करीब 60 हजार रुपये कीमत की इस मशीन से अब दंत चिकित्सा कक्ष में ही मरीजों के एक्सरे किए जा सकेंगे। इससे जांच और उपचार की प्रक्रिया एक ही स्थान पर पूरी होगी।
पहले दांतों के उपचार के दौरान एक्सरे की जरूरत पड़ने पर मरीजों को अस्पताल के एक्सरे सेक्शन तक जाना पड़ता था। नई सुविधा शुरू होने से मरीजों को इस परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही चिकित्सक एक्सरे रिपोर्ट के आधार पर तत्काल उपचार शुरू कर सकेंगे।
यह व्यवस्था बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी सुविधाजनक रहेगी। अस्पताल में इस मशीन से एक्सरे करवाने के लिए मरीजों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
नागरिक अस्पताल सरकाघाट के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि पोर्टेबल डेंटल एक्सरे मशीन की खासियत है कि बिजली उपलब्ध न होने पर भी इससे 200 से 250 एक्सरे किए जा सकते हैं। एक्सरे की रिपोर्ट करीब पांच मिनट में उपलब्ध हो जाएगी। इससे मरीजों की जांच में देरी नहीं होगी और सभी आयु वर्ग के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।