बड़सर अस्पताल का एक्सरे मशीन। स्रोत : जागरूक पाठक
- फोटो : 1
बड़सर (हमीरपुर) । सिविल अस्पताल बड़सर में करीब दो सप्ताह से एक्स-रे मशीन खराब होने के कारण रोजाना 30 से 40 मरीजों को जांच के लिए निजी क्लीनिकों का रुख करना पड़ रहा है। इससे मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और उन्हें समय भी गंवाना पड़ रहा है। खासकर चोट और हड्डियों से संबंधित मामलों में मरीजों को तत्काल जांच की जरूरत होती है। ऐसे में अस्पताल में सुविधा बंद होने से मरीजों और उनके तीमारदारों की परेशानी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों मदन लाल शर्मा, नवनीत, कांता देवी, ममता कुमारी, ज्योति और निशा ने बताया कि सरकारी अस्पताल में एक्स-रे जैसी जरूरी सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद मशीन खराब होने से मरीजों को निजी केंद्रों में रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मशीन को जल्द ठीक करवाकर एक्स-रे सुविधा बहाल करने की मांग की है।
बीएमओ डॉ. अरविंद टंडन ने कहा कि एक्स-रे मशीन का यूपीएस सिस्टम खराब हुआ है। यह सिस्टम एक निजी कंपनी ने स्थापित किया था। विभाग की ओर से संबंधित कंपनी को पत्र भेज दिया है। कंपनी ने एक-दो दिन में एक्स-रे सुविधा सुचारु करने का आश्वासन दिया है।