धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर के किसान उत्पादक संघ (एफपीओ) से जुड़ी एक दर्जन महिलाओं ने लोकल स्तर पर तैयार हो रहे मशरूम की बिक्री का काम शुरू कर दिया है। ये मशरूम खौदा स्थित मशरूम फार्म हाऊस में तैयार हो रहे हैं। एफपीओ से जुड़ी महिलाओं को मशरूम दीदियां और सेल्ज स्वयंसेवी के रूप में नियुक्त किया गया है, जिन्होंने अब बिक्री का कार्य संभाल लिया है।
इसके अतिरिक्त ये स्वयंसेवी मिश्रित आटा और अन्य उत्पाद भी लोगों तक पहुंचाएंगी। एफपीओ के अध्यक्ष सत्तपाल सिंह चौहान और सचिव भूपेंद्र सिंह ने बताया कि एफपीओ और फार्म हाऊस के प्रबंधक ने एक एग्रीमेंट किया है, जिसके तहत इन मशरूम दीदियों को बिक्री पर कमीशन दिया जाएगा। इसका उद्देश्य उनकी आमदनी बढ़ाना और गांव-गांव में मशरूम की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
महिलाओं को एफपीओ ने प्रशिक्षण प्रदान किया है और सप्लाई रूट भी तय किया है। इस कार्य की संयोजक बिंगा की निवासी कंचना देवी बनाई गई हैं, जिन्होंने विभिन्न गांवों और क्षेत्रों के लिए सेल्ज स्वयंसेवी नियुक्त किए हैं। पहले दिन इन मशरूम दीदियों ने 300 से ज्यादा पैकेटों की बिक्री की है। आगे की योजना के अनुसार, रोजाना अढ़ाई से तीन क्विंटल मशरूम की बिक्री की जाएगी।
मशरूम फार्म हाऊस के प्रबंधक विजय कुमार ने बताया कि एफपीओ की यह पहल सराहनीय है, जिससे मशरूम की बिक्री के लिए स्वयंसेवी उपलब्ध हैं और अब घर-घर तक मशरूम पहुंचाया जाएगा।