कहा, सिया को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो होगा उग्र आंदोलन
दोषियों को कड़ी सजा की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर उपमंडल के निहरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत द्रुमुट बेहली में शुक्रवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित ग्रामीण संगठन ‘देवी नारदा शारदा’ की महिलाओं ने सिया गुलेरिया हत्याकांड के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और घटना के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया। इस मौके पर संगठन की प्रधान प्रेमलता ने कहा कि इस प्रकार की जघन्य घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की आंतरिक सामुदायिक संसाधन व्यक्ति पूजा देवी ने भी प्रदर्शन में भाग लेते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर अब समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।
महिलाओं ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि आरोपी को जल्द से जल्द सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि सिया गुलेरिया को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।