नगवाईं (मंडी)। क्षेत्र में घास काटने गई महिला का पैर अचानक फिसल गया। खाई में गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। चंडीगढ़ ले जाई जा रही महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है। मृतका की पहचान रीना देवी पत्नी मनोज कुमार निवासी गांव तनारू मुहाल शिल्ह मशोरा नगवाईं के रूप में हुई है। हादसा सोमवार दोपहर बाद करीब तीन बजे हुआ। ग्राम पंचायत मशोरा की प्रधान मीना शर्मा के अनुसार, रीना देवी घास काटने के लिए घासनी गई थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गिर गईं और उनके सिर में गहरी चोट लग गई। हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल नगवाईं लेकर पहुंचे। यहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया। परिजन उन्हें चंडीगढ़ लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।