मंडी। जिला मंडी में साइबर ठगी का अनोखा मामला सामने आया है। पहले साइबर ठग ने डाॅक्टर को फोन कर उनका मरीज बताकर पांच लाख रुपये ठग लिए। बाद में उसके साथियों ने तय कमीशन नहीं दिया तो फिर शातिर ने ही पीड़ित डॉक्टर को फोन कर ठगी का भंडाफोड़ कर दिया। मंडी शहर में सामने आए इस मामले में पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई गई है।
शहरी पुलिस चौकी में दी शिकायत में पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि शातिर ने फोन किया और कहा कि वह उनका पुराना मरीज संदीप बोल रहा है। शातिर ने कहा कि उसकी पत्नी बेहद बीमार है और उसके इलाज के लिए पांच लाख रुपये की जरूरत है। डॉक्टर के अनुसार संदीप नाम का मरीज उनके पास इलाज के लिए अकसर आया करता था।
इससे उसे शातिर की गढ़ी कहानी पर यकीन हो गया। इसके बाद डाॅक्टर ने भी इंसानियत दिखाते हुए शातिर के बताए गए बैंक खाते में धनराशि जमा करवा दी। इसके बाद शातिर का फोन दोबारा डॉक्टर को आया और उसने बताया कि मदद के नाम पर उसने और उसके साथियों ने ठगी की है। इस ठगी के बाद साथियों ने उसे धोखा दिया है और मात्र दो हजार रुपये ही कमीशन दी है। शातिर ने डॉक्टर को पुलिस में इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाने की सलाह दे डाली। इस पर वह पुलिस चौकी पहुंचा और शिकायत दर्ज करवाई। उधर, एसपी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। बताया कि खाते में पड़ी धनराशि को फ्रिज करवाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
000