नगर निगम ने 2022 से कर रहा वेबसाइट शुरू तैयारी, कई तरह की मिलनी हैं ऑनलाइन सेवाएं
अब 15 अक्तूबर के बाद महापौर कर सकते हैं शुभारंभ, बेवसाइट में कुछ अपडेट करने के चलते हो रही देरी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। नगर निगम मंडी ढाई साल बाद भी अपनी वेबसाइट को तैयार नहीं करवा पाया है। वेबसाइट में कई अपडेट के चलते इसके शुभारंभ कार्य में देरी हो रही है। जुलाई 2022 से इसके शुभारंभ की तैयारी चल रही है, लेकिन अभी तक वेबसाइट का काम पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में शहरवासियों को घर द्वार मिलने वाली ऑनलाइन सुविधाओं के लिए नगर निगम कार्यालय आना पड़ रहा है।
निगम कार्यालय में भी स्टाफ की दिक्कत के चलते लोगों को काफी इंतजार करना पड़ रहा है। वेबसाइट पर शहरवासियों को घरेलू एवं वाणिज्यिक संपत्ति कर चुकाने, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने, भवन योजना का अनुमोदन एवं निरीक्षण विवरण, भवन निर्माण अनुमति के लिए पंजीकरण करने की सुविधा, पानी के ऑनलाइन बिल भरने और आवेदन करने की सुविधा ऑनलाइन मिलेगी। इसके अलावा चरित्र प्रमाण पत्र बनाने, कूड़े का बिल भरने, रेहड़ी-फड़ी के लिए ऑनलाइन आवेदन करने, भवन व संपत्ति की एनओसी के लिए आवेदन की सुविधा, नगरपालिका लाइसेंस के नए/नवीनीकरण के लिए आवेदन की सुविधा, आत्म मूल्यांकन स्व-घोषणा प्रक्रिया की सुविधा, विवाह पंजीकरण आदि की सुविधा भी ऑनलाइन होगी।
बताया जा रहा है कि बेवसाइट में कुछ अपडेट के चलते इसके शुभारंभ कार्य में देरी हो रही है। पहले जून माह में शुभारंभ की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन अभी तक शहरवासी ऑनलाइन सुविधा से महरूम हैं।
कोट्स
इसी माह नगर निगम की बेवसाइट का शुभारंभ करवा दिया जाएगा। इस कार्य अंतिम चरण में है। कार्य पूरा होते ही लोगों को कई प्रकार की सुविधाएं घर द्वार ही मिल जाया करेंगी। नगर निगम इसके लिए गंभीर है।
-वीरेंद्र भट्ट शर्मा, महापौर, नगर निगम मंडी
कोट्स
अभी बेवसाइट का शुभारंभ नहीं किया जाएगा। 15 अक्तूबर के बाद ही महापौर करेंगे। बेवसाइट में अभी कुछ अपडेट करने को हैं। इस वजह से इसके शुभारंभ का कार्य बढ़ता जा रहा है। जल्दी ही लोगों को सुविधा प्रदान कर दी जाएगी।
- एचएस राणा, आयुक्त नगर निगम मंडी