भड़ोल में विजयदशमी उत्सव पर शस्त्र पूजन और भव्य पथ संचलन
संवाद न्यूज एजेंसी
लडभड़ोल (मंडी)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के भड़ोल खंड की ओर से मंगलवार को विजयदशमी उत्सव के उपलक्ष्य में शस्त्र पूजन और भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता पंजाब सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा ने भी विशेष रूप से शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से शस्त्र पूजन के साथ हुआ। इस दौरान भड़ोल खंड संघचालक मदन शर्मा ने कहा कि वर्ष 1925 में विजयदशमी के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना हुई थी। संघ पिछले 100 वर्षों से दैनिक शाखाओं के माध्यम से व्यक्ति निर्माण और राष्ट्र निर्माण के कार्य में जुटा है तथा अब अपने गौरवशाली 101वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। शस्त्र पूजन के उपरांत पूर्ण गणवेश में सजे स्वयंसेवकों ने भव्य पथ संचलन निकाला। नई मार्केट से शुरू हुआ यह संचलन पुरानी भड़ोल से होते हुए बस स्टैंड तक पहुंचा। हाथों में दंड थामे स्वयंसेवक घोष की ओजस्वी धुनों के बीच अनुशासित ढंग से कदमताल करते हुए आगे बढ़े। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं से समाज में समरसता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। अंत में संघ की नित्य प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर भड़ोल खंड के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।