जिले में पीलिया के मामले आने के बाद बढ़ाई सतर्कता
नगर निगम क्षेत्र की 64 में से पचास प्रतिशत बावड़ियां ही सक्रिय
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मानसून से पहले मंडी शहर के जल स्रोतों की सैंपलिंग शुरू कर दी गई है। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं शहर की बावड़ियों और अन्य जल स्रोतों से पानी के नमूने एकत्र कर उनकी जांच कर रही हैं। सैंपलों की प्रारंभिक फिजिकल जांच के बाद उन्हें जलशक्ति विभाग की ढांगसीधार स्थित प्रयोगशाला में बैक्टीरियल परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है।
जिले के गोहर और सुंदरनगर क्षेत्रों में पीलिया के मामले सामने आने के बाद विभाग सतर्क हो गया है। कोटली और जोगिंद्रनगर में भी इक्का-दुक्का मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि सरकाघाट क्षेत्र में पहले भी संक्रमण के मामले मिल चुके हैं। बरसात के मौसम में दूषित पानी से जलजनित रोग फैलने की आशंका को देखते हुए एहतियाती कदम तेज कर दिए गए हैं।
नगर निगम क्षेत्र में करीब 64 बावड़ियां हैं, जिनमें से लगभग आधे जल स्रोत ही वर्तमान में सक्रिय हैं। बारिश के दौरान इन स्रोतों में गंदगी और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए जल स्रोतों की गुणवत्ता जांच अभियान को तेज किया गया है। अंबिका स्वयं सहायता समूह की प्रधान अंजु शर्मा ने बताया कि मानसून से पहले शहर की सभी बावड़ियों के पानी की जांच की जा रही है। जिन जल स्रोतों के पानी में गड़बड़ी पाई जाएगी, वहां लोगों को सतर्क किया जाएगा, ताकि जलजनित रोगों के प्रसार को रोका जा सके।