संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। शानन बिजली प्रोजेक्ट की पैन स्टॉक नंबर तीन में पानी का रिसाव दूर होते ही 50 मेगावाट मशीन में बिजली का उत्पादन शुरू हो गया है। इससे परियोजना प्रबंधन को लाखों की आमदनी शुरू हुई है।
बीते एक सप्ताह से पैन स्टॉक के ज्वाइंट से हो रहे पानी के रिसाव को शानन प्रोजेक्ट के तकनीकी कर्मचारियों ने सोमवार और मंगलवार तक मरम्मत कार्य को पूरा कर देर रात नौ बजे बिजली का उत्पादन शुरू कर दिया है।
इससे पहले पैन स्टॉक में हो रहे पानी के रिसाव से ब्रिज मंडी समेत हाईवे से सटे क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी रही। पंजाब राज्य बिजली बोर्ड के शानन स्थित पावर हाउस से करीब आधा किलोमीटर दूर पैन स्टॉक के ज्वाइंट से बीते शनिवार को पानी का रिसाव बढ़ जाने से आस-पास के लोगों ने स्थानीय प्रशासन और पन विद्युत परियोजना के उच्च अधिकारियों से समस्या समाधान की गुहार लगाई थी। लगातार बढ़ रहे पानी के रिसाव से लोगों ने बड़े खतरे की संभावना को देखते हुए संवाद न्यूज एजेंसी ने अमर उजाला के माध्यम सोमवार को इस समस्या को प्राथमिकता से उठाया था और महज 48 घंटे के भीतर शानन प्रोजेक्ट प्रबंधन ने पैन स्टॉक में हो रहे पानी के रिसाव को रोक कर एक और जहां बिजली के उत्पादन को बढ़ाया है।
वहीं बरोट रेजरवायर से कनेक्ट पैन स्तॉक में पानी के प्रेशर से बड़ी अनहोनी घटना की आंशका को दूर कर बड़ी सफलता हासिल की है। जोगिंद्रनगर में 1932 से बिजली उत्पादन कर रहे शानन प्रोजेक्ट की पैन स्टॉक नंबर तीन का निर्माण 1982 में हुआ था, जिससे पचास मेगावाट की एक टरबाइन से बिजली का उत्पादन होता है। इसमें रिसाव बढ़ जाने से 24 घंटे तक बिजली का उत्पादन भी प्रभावित हुआ।
इससे परियोजना प्रबंधन को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा। उधर, शानन प्रोजेक्ट के एसई भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार देर शाम तक पैन स्टॉक के रिसाव संबंधी कार्य पूरा कर लिया गया है।