आयोग ने यहां चुनाव नए सिरे से करवाने संबंधी अधिसूचना की जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। राज्य चुनाव आयोग ने सदर विकास खंड की ग्राम पंचायत स्योग के वार्ड-5 (स्योग-5) के वार्ड सदस्य चुनाव, जो 26 मई को प्रस्तावित था, को प्रत्याशी के निधन के कारण नए सिरे से कराने की अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के अनुसार, वार्ड सदस्य पद के लिए भीम सिंह (निवासी स्योग, वार्ड-5) प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे थे। उनका 21 मई को निधन हो गया। इसकी सूचना निर्वाचन अधिकारी-सह-उप-मंडलाधिकारी (ना.) सदर द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग को भेजी गई, जिसके बाद आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया। जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 5 में केवल दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इनमें से एक प्रत्याशी के निधन के बाद अब एक ही प्रत्याशी शेष रह गया है। हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (चुनाव) नियम, 1994 के नियम 48 के अनुसार, यदि किसी वैध रूप से नामांकित प्रत्याशी की मृत्यु हो जाती है और मतदान शुरू होने से पहले उसकी सूचना मिलती है, तथा मैदान में केवल एक प्रत्याशी बचता है, तो ऐसी स्थिति में राज्य चुनाव आयोग के निर्देशानुसार चुनाव प्रक्रिया नए सिरे से कराई जाती है। इसी प्रावधान के तहत राज्य चुनाव आयोग ने वार्ड-5 के लिए पुनः चुनाव कराने का निर्णय लिया है। इस वार्ड में नए सिरे से चुनाव कार्यक्रम आयोग द्वारा अलग से जारी किया जाएगा।