जोगिंद्रनगर (मंडी)। पंचायत चुनाव में चौहारघाटी के दुर्गम क्षेत्रों से कई किलोमीटर पैदल चलकर पारंपरिक वेशभूषा में भी मतदान करने को लेकर बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। बरोट पंचायत के वार्ड 6 में 89 साल के भेखलू राम ने अपनी 80 साल की पत्नी भुजी देवी के साथ मतदान किया। इसी वार्ड में बुजुर्ग महिलाओं ने लाठी व डंडे के सहारे पहुंचकर लोकतंत्र के महापर्व में वोट की आहुति डाली। दुल पंचायत में 89 साल की रेखा देवी भी मतदान के लिए पहुंची। एसडीएम मनीश चौधरी और थाना प्रभारी सकीनी कपूर भी पहुंचे। बदेहड़ पंचायत में 88 साल के प्यार चंद बैसाखी के सहारे मतदान केंद्र पहुंचे। भडयाड़ा पंचायत में 92 वर्ष की नखरो देवी ने एसडीएम मनीश चौधरी, थाना प्रभारी सकीनी कपूर की मौजूदगी में मतदान को पूरा किया। इसके अलावा उपमंडल जोगिंद्रनगर की 16 पंचायतों में बुजुर्ग मतदाताओं के अलावा युवा मतदाताओं ने भी गांव की सरकार चुनने के लिए अपने मत का इस्तेमाल किया। लोकतंत्र के इस महापर्व में पंचायत चुनावों में निर्विरोध चुनी गोलवां पंचायत में विधायक प्रकाश राणा ने अपनी पत्नी रीमा राणा के साथ जिम्मेवारी का निर्वहन भी किया। संवाद