धर्मपुर (मंडी)। उपमंडल धर्मपुर के कलस्वाई में सोनखड्ड में चल रहे खनन कार्य के खिलाफ कलस्वाई गांव के लोगों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने एकजुट होकर मौके पर पहुंचकर खनन कार्य को रुकवा दिया। चेतावनी दी कि किसी भी हालत में अपने गांव के आसपास खनन कार्य को सहन नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि खनन गतिविधि से उनके गांव की सुरक्षा, मुख्य संपर्क सड़क, पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं के साथ केंद्रीय विद्यालय संगठन के अधीन संचालित केंद्रीय विद्यालय कलस्वाई के भवन को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उनका आरोप है कि खनन के कारण क्षेत्र की भूमि कमजोर हो रही है। इससे बड़े नुकसान की आशंका है।
ग्रामीण हंसराज, रमेश चंद, जोगिंद्र सिंह, भागीरथ, अजित कुमार, रविंद्र कुमार, संदीप कुमार, जीएल राणा, शेर सिंह आदि ने मौके पर पहुंचकर खनन कार्य को रुकवाया। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि यह खनन सीधे तौर पर उनके जीवन, संपत्ति और बच्चों के भविष्य से जुड़ा मामला है।
ग्रामीणों ने कहा कि खनन के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो सकती हैं। पेयजल योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं और विद्यालय भवन को भी खतरा है। किसी भी हालत में अपने गांव के साथ यह खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और माइनिंग विभाग से मांग की है कि इस खनन कार्य को तुरंत प्रभाव से स्थायी रूप से बंद किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन को और तेज करेंगे।
......
एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल ने बताया कि इस जगह का खनन का ठेका हुआ है और उनके पास भी गांववासियों की शिकायत आई है। इस पर खनन विभाग को इस पूरे मामले की जांच करने के आदेश जारी कर दिए है और रिपोर्ट देने को कहा है।
0000