मंडी। विजय सीनियर सेकेंडरी स्कूल और कन्या स्कूल का विलय न करने के सरकार के निर्णय से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। विजय हाई स्कूल ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि इस निर्णय से न केवल स्कूल की 160 साल पुरानी ऐतिहासिक परंपरा सुरक्षित रहेगी, बल्कि विद्यार्थियों को भी दो अलग-अलग बोर्ड के माध्यम से बेहतर शैक्षणिक विकल्प मिल सकेंगे। दोनों स्कूलों को आपस में मर्ज न करने को लेकर ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सर्किट हाउस मंडी में शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर अपनी चिंता जताई थी। एसोसिएशन के साथ शहर की नागरिक सभा और अन्य सामाजिक संस्थाओं ने भी इस ऐतिहासिक संस्थान की पहचान बचाने के लिए सरकार को ज्ञापन सौंपे थे। शिक्षा मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया था कि स्कूलों का विलय नहीं होगा। अब जारी नए आदेशों के तहत गवर्नमेंट विजय सीनियर सेकेंडरी स्कूल अब सीबीएसई से संबद्ध रहेगा। कन्या स्कूल हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के साथ संबद्ध रहेगा। संवाद