नित्थर झल्ली सडक़ 27 दिसंबर तक रहेगी यातायात के लिए अवरुद्ध। संवाद
सोमवार और मंगलवार को यातायात के लिए बहाल होगी सड़क
एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। नित्थर सड़क पर मरम्मत कार्य चल रहा है। इसके चलते नित्थर-झल्ली मार्ग पर यातायात ठप रहेगा। सोमवार और मंगलवार को सड़क यातायात के लिए बहाल रहेगी। निरमंड के एसडीएम मनमोहन सिंह ने आदेश जारी किए हैं। नित्थर से झल्ली तक 12 दिसंबर सुबह 9:00 बजे से 27 दिसंबर शाम 7:00 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है। एसडीएम ने बताया कि यह प्रतिबंध सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग नित्थर के आग्रह पर बढ़ाया गया है, क्योंकि सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। विभाग ने निर्माण कार्य के लिए अतिरिक्त समय की मांग की थी। एसडीएम ने पुलिस चौकी नित्थर को निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंध अवधि के दौरान यातायात को उचित तरीके से चलाया जाए। वहीं, लोक निर्माण विभाग को निर्माण स्थल के दोनों सिरों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश जारी किए हैं। एसडीएम ने यह भी निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य कर रहा ठेकेदार स्थल पर एक वाहन तैनात रखे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके। उन्होंने विभाग को चेताया है कि सड़क कार्य को हर हाल में 27 दिसंबर से पहले पूरा करें, ताकि स्थानीय लोगों को होने वाली दिक्कतों को जल्द समाप्त किया जा सके।