सुनील ग्रोवर
ठियोग ।
एडवेंचर टूरिज्म में ठियोग की एंट्री हो गई है। इससे क्षेत्र में रोजगार को पंख लगेंगे। ठियोग की देवरीघाट पंचायत के नंगल देवी में शुक्रवार को पैराग्लाइडिंग साइट से पहली उड़ान भरी गई। इस नई साइट का शुभारंभ ठियोग के समाजसेवी राजन प्रकाश ने किया। हिमाचल प्रदेश के बीड़-बिलिंग को दुनिया की बेहतरीन पैराग्लाइडिंग साइटों में गिना जाता है। मनाली, जुन्गा में भी पैराग्लाइडिंग होती है। अब इस सूची में ठियोग का नाम भी जुड़ गया है, जिससे शिमला जिला एडवेंचर गतिविधियों का नया केंद्र बन गया है। देवदार के जंगलों और ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों के ऊपर पैराग्लाइडिंग का अनुभव अब एडवेंचर प्रेमियों को ठियोग में भी मिलेगा। समुद्र तल से करीब 6400 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह साइट प्राकृतिक सौंदर्य और सुरक्षित उड़ान के लिए बेहद उपयुक्त मानी जा रही है। शिमला और नारकंडा के बीच स्थित नंगल देवी एडवेंचर प्रेमियों के लिए एक आकर्षक स्थान बनकर उभर रहा है। ठियोग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय ने कहा कि पैराग्लाइडिंग शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन का नया अध्याय शुरू होगा। इससे स्थानीय लोगों और युवाओं को व्यापक रोजगार अवसर मिलेंगे। इस अवसर पर नंबरदार हेतराम, पदम सिंह खाची, मोती राम, कांग्रेस नेता विनय हेटा, बालकृष्ण बाली और सोनू खाची समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद
ये मिलेंगे लाभ
एडवेंचर टूरिज्म में ठियोग की एंट्री से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार की राह खुलेगी। स्थानीय युवाओं को रोजगार, पैराग्लाइडिंग ऑपरेशन, होमस्टे, फूड पॉइंट्स और ट्रैवल सेवाओं में नए अवसर मिलेंगे। टूरिस्ट फुटफॉल में वृद्धि, शिमला, कुफरी नारकंडा और किन्नौर आने वाले पर्यटक अब ठियोग में भी रुकेंगे। अर्थव्यवस्था को मजबूती, होमस्टे, कैफे, टैक्सी सेवाएं और स्थानीय उत्पादों की बिक्री बढ़ेगी। एडवेंचर टूरिज्म मिशन को बल मिलेगा। नई साइटों के विकास की संभावना और मजबूत होगी।