जोगिंद्रनगर (मंडी)। नगर परिषद जोगिंद्रनगर के वार्डों में अव्यवस्थित पार्किंग लोगों के लिए परेशानी बन गई है। सार्वजनिक रास्तों पर पार्क किए वाहनों के कारण गलियां संकरी हो गई हैं।
हालात ऐसे हैं कि कई जगह दो लोगों का एक साथ गुजरना भी मुश्किल हो रहा है। पैदल चलने वालों के रास्तों पर वाहनों का कब्जा होने से लोगों में नाराजगी है।
लक्ष्मी बाजार, समलोट और वार्ड पांच में समस्या अधिक गंभीर है। कई जगह दोपहिया वाहन लंबे समय तक रास्तों पर खड़े रहते हैं। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और अन्य राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए रास्तों का इस्तेमाल भी प्रभावित हो रहा है।
सिविल अस्पताल की ओर जाने वाले मार्ग पर पार्किंग की समस्या अधिक चिंताजनक है। रास्ते पर वाहनों के खड़े रहने से आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में दिक्कत हो सकती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पार्किंग को लेकर वाहन चालकों और वार्डवासियों के बीच कहासुनी भी होती रहती है।
लोगों ने प्रशासन से सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त करवाने, नियमित निरीक्षण करने और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
नगर परिषद की अध्यक्ष संतोष कुमारी, उपाध्यक्ष प्यार चंद वालिया और कार्यकारी अधिकारी एवं एसडीएम मनीष चौधरी ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए जल्द बैठक कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
सार्वजनिक रास्तों पर दोपहिया वाहनों की पार्किंग से पैदल गुजरना मुश्किल हो गया है। समस्या का स्थायी समाधान होना चाहिए। -सुभाष राठौर, स्थानीय निवासी
शहर में लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए रास्तों पर अवैध पार्किंग से लोगों को परेशानी हो रही है। नगर परिषद को संज्ञान लेना चाहिए। -साहिल वालिया, स्थानीय निवासी
मुख्य रास्तों पर वाहनों की पार्किंग से आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन जाता है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए। -अरुण पुंछी, स्थानीय निवासी