आरटीआई में सड़क बहाली का दावा करने पर उपायुक्त मंडी को शिकायत सौंपने की तैयारी
80 रुपये प्रति क्रेट ढुलाई देने को विवश बागवान, सारली-पंजाई-डोभा सड़क मार्ग ठप
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सराज क्षेत्र के लोक निर्माण विभाग थलौट मंडल की एक आरटीआई रिपोर्ट ने मंडी जिले की औट तहसील के डोभा गांव के किसानों और बागवानों के घावों पर नमक छिड़कने का काम किया है। कागजों में जिस सड़क पर गाड़ियां दौड़ती दिखाई जा रही हैं, धरातल पर वहां पैदल चलना भी दूभर है। विभाग की इस भ्रामक कार्यप्रणाली और मनमानी से तंग आकर आक्रोशित ग्रामीणों ने अब उपायुक्त मंडी का दरवाजा खटखटाने और अधिकारियों की पोल खोलने की तैयारी कर ली है।
ग्रामीण वेद राज, अब्बू नेगी, सुरेश कुमार, ओम प्रकाश और मान सिंह राणा सहित स्थानीय निवासियों का आरोप है कि थलौट मंडल ने 29 जुलाई की आरटीआई रिपोर्ट में सार्ली-डोभा-पंजाई मार्ग को हल्के वाहनों के लिए बहाल बताया है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि यह दावा बिलकुल झूठा है। सेब का पीक सीजन होने के बावजूद महज 200 से 250 मीटर जर्जर सड़क को विभाग ठीक नहीं कर पाया है।
जब खाली गाड़ियां चढ़ने में हांफ रही हैं तो सेब से लदे वाहन कैसे गुज़रेंगे। नतीजतन बागवानों को प्रति क्रेट 80 रुपये अतिरिक्त मजदूरी देकर सेब पीठ पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ रहा है जिससे उन्हें लाखों का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरटीआई कानून का मजाक उड़ाने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई और सड़क की वास्तविक स्थिति का तुरंत प्रशासनिक निरीक्षण करने की मांग को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है।
बाक्स
ऑनलाइन टेंडर लगाए गए थे, लेकिन किसी ठेकेदार ने आवेदन नहीं किया। अब दोबारा टेंडर जारी किए जा रहे हैं। मौसम साफ होते ही विभागीय मशीनों से मार्ग बहाल कर दिया जाएगा। आरटीआई रिपोर्ट उस समय की है जब सड़क बहाल थी और ग्रामीणों ने धन्यवाद प्रस्ताव भी दिया था। -भूपेंद्र शर्मा, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग थलौट