मंडी। राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद ने वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी को बीएड प्रवेश काउंसलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया में सम्मिलित होने की अनुमति प्रदान की है।
इसकी सूचना अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि यह निर्णय प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत राहतपूर्ण है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के समक्ष महाविद्यालय का पक्ष प्रभावी ढंग से रखने में सफल रहा।
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने बीते दो सितंबर को अपने आदेश में वल्लभ राजकीय महाविद्यालय को बीएड पाठ्यक्रम (100 सीटें) की चल रही काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने की अनुमति प्रदान कर दी थी। अब मंडी सहित आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थी भी सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के माध्यम से बीएड प्रवेश प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकेंगे। इस प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. हरीश कुमार चौहान, डॉ. राजकुमार ठाकुर, डॉ. संजय नारंग तथा महाविद्यालय कार्यालय अधीक्षक खुशाल सिंह शामिल रहे। संवाद