नगवाईं (मंडी)। नगवाईं के पास बीती रात कुल्लू से मंडी की तरफ आ रहा तेज रफ्तार टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे घर में जा घुसा। हादसे में टैंकर चालक घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जोनल अस्पताल कुल्लू में भर्ती किया गया। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर यह हादसा हुआ।
हादसे के वक्त घर में एक युवक ही था, बाकी सब बाहर गए थे। बताया जा रहा है कि रात को तेज रफ्तार टैंकर पहले सड़क किनारे बने एक घर की रेलिंग से टकराया। इसके बाद सड़क के दूसरे किनारे पर बने एक घर में जा घुसा। ट्रक की टक्कर से घर की दीवारें गिर गई। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। हादसे में घायल टैंकर चालक को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है।
मकान मालिक रमेश ने बताया कि वह और उसका परिवार रात को कहीं बाहर गए हुए थे। घर में उनका बेटा ही था। यदि घर के सभी सदस्य घर में होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। टैंकर की टक्कर से उनका पूरा घर क्षतिग्रस्त हो गया है। इस हादसे में लाखों के नुकसान का अनुमान है। पुलिस अधीक्षक मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने हादसे की पुष्टि की है।