तकनीकी शिक्षा निदेशालय परिसर सुंदरनगर से ही चल रही पढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। तकनीकी शिक्षा विभाग के अधीन वर्ष 2013 में स्थापित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज उदयपुर (लाहुल-स्पीति) पिछले 13 वर्षों से सुंदरनगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में अस्थायी रूप से संचालित हो रहा है। तकनीकी शिक्षा निदेशालय के समीप स्थित इस परिसर में लगे कॉलेज के बोर्ड को देखकर कई नए आगंतुक भी असमंजस में पड़ जाते हैं कि उदयपुर का पॉलिटेक्निक कॉलेज सुंदरनगर में कैसे संचालित हो रहा है।
इस दौरान प्रदेश में तीन सरकारें बदल चुकी हैं, लेकिन कॉलेज अब तक अपने गृह जिले लाहुल-स्पीति नहीं पहुंच सका है। कॉलेज की शुरुआत वर्ष 2013 में सिविल इंजीनियरिंग ट्रेड की 60 सीटों के साथ हुई थी। वर्तमान में यहां सिविल इंजियरिंग की 30 सीटों पर प्रवेश दिया जाता है। कॉलेज में प्रदेश के विभिन्न जिलों के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि पिछले वर्ष लाहुल-स्पीति का केवल एक छात्र ही यहां से सिविल इंजीनियरिंग का डिप्लोमा पूरा कर सका।
कॉलेज को लाहुल-स्पीति स्थानांतरित करने का मुद्दा पिछले वर्ष विधानसभा में भी उठा था। लाहुल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने इस संबंध में प्रश्न किया था। जवाब में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा था कि जिले में उपयुक्त भूमि उपलब्ध होते ही कॉलेज को वहां स्थानांतरित कर दिया जाएगा। हालांकि एक वर्ष बीतने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है और कॉलेज अब भी सुंदरनगर से ही संचालित हो रहा है। विधायक को उम्मीद है कि इस वर्ष कॉलेज के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया अंतिम रूप ले लेगी।
उपयुक्त भूमि मिलते ही होगा स्थानांतरण
राजकीय पॉलिटेक्निक उदयपुर फिलहाल सुंदरनगर में अस्थायी रूप से संचालित हो रहा है। लाहुल-स्पीति में उपयुक्त भूमि उपलब्ध होते ही कॉलेज को उसके मूल स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा। विभाग के अधिकारी इसके लिए उपयुक्त स्थान की तलाश में जुटे हैं। -रोहित राठौर, तकनीकी शिक्षा निदेशक