ग्राम पंचायत कनैड़ में कुछ लोगों के हुड़दंग के कारण ग्रामसभा को 25 नवंबर तक स्थगित करना पड़ा। ग्राम सभा की बैठक बीपीएल व आईआरडीपी में रसूखदारों के नाम काटने व जरुरतमंदों के नाम डालने के लिए बुलाई गई थी। जानकारी के अनुसार कनैड़ पंचायत में मंगलवार को ग्रामसभा की बैठक बुलाई गई थी। इसमें करीब 250 लोगों ने शिरकत की। इस मौके पर कुछ रसूखदारों के नाम काटने पर सहमती बनी थी।
इसकी खबर मिलते ही रसूखदार कुछ लोग मौके पर पहुंच गये तथा उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर ग्रामसभा को बुधवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया। बुधवार को जैसे ही कार्यवाई शुरू हुई उन्होंने फिर एक बार पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यवाई बाधित कर दी। इस कारण पंचायत प्रतिनिधियों ने एसडीएम व बीडीओ को सूचित किया। बीडीओ ने पंचायत को सूचारू कार्यवाई के लिए पुलिस की मदद लेने के निर्देश दिये।
इस दौरान लोगों की सहमती से ग्रामसभा की बैठक 25 नवंबर को दोबारा बुलाने का फैसला हुआ। पंचायत उप प्रधान भूपेंद्र वालिया ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि ग्राम सभा की अगली बैठक 25 नवंबर को बुलाई गई है। इस दिन पुलिस को भी मौके पर मौजूद रहने का पंचायत की ओर से आग्रह किया जाएगा।