करसोग क्षेत्र के शाउंगी में 18 कमरों के दो मंजिला स्लेटपोश मकान में लगी आग
करसोग (मंडी)। उपमंडल के बगशाड क्षेत्र के शाउंगी गांव में आग लगने से गंगा सिंह का 18 कमरों का दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया। घटना के समय मकान में कोई भी मौजूद नहीं था। घर के सभी लोग एक अन्य मकान में थे। आग से घर के अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना में करीब 60 लाख की संपत्ति जलकर राख हुई।
ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के आगे लोगों के प्रयास नाकाफी साबित हुए। घटना की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग करसोग के कर्मचारी वाहन सहित मौके पर पहुंचे। तब तक पूरा मकान राख के ढेर में तब्दील हो चुका था। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की तरफ से हलका पटवारी ने मौके पर पहुंच कर पीड़ित परिवार को 25 हजार की राशि फौरी राहत के तौर पर जारी की है। एसडीएम गौरव महाजन ने बताया कि मकान को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पीड़ित परिवार को फौरी राहत जारी की गई है। संवाद