संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बिंद्राबणी में फोरलेन के निकट शनिवार देर रात नियमित गश्त के दौरान मनाली-हरिद्वार रूट पर चल रही वोल्वो बस की चेकिंग के दौरान हरियाणा के युवक से 2.006 किलोग्राम चरस बरामद की गई। आरोपी की पहचान हरियाणा के पानीपत निवासी 26 वर्षीय युवक रिंकू ठाकुर पुत्र महावीर सिंह के रूप में हुई है। एसटीएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ के नवस्थापित पुलिस थाना मंडी में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। डीएसपी एसटीएफ कुल्लू हेमराज वर्मा ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है। पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए बरामद चरस के मुख्य स्रोत, सप्लाई चेन, वित्तीय लेन देन और काले कारोबार में शामिल अन्य संपर्कों की गहनता से जांच कर रही है।