जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में रिक्त चल रहे चिकित्सकों के पदों की पूर्ति करने को लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग ने दो और चिकित्सकों को प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं देने के आदेश जारी किए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिपली से डॉ. विजय राय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मकरीड़ी से डॉ. शिवम को माह के कुछ दिन सेवाएं देने के लिए आदेश जारी किए हैं।
मानसून सीजन में जलजनित रोगों से ग्रसित मरीजों की संख्या बढ़ते देखकर जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक चार चिकित्सकों को प्रतिनियुक्ति पर दायित्व सौंपा जा चुका है। अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों को भी स्थानीय अस्पताल में चरणबद्ध तरीके से सेवाएं देने को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने पत्राचार शुरू किया है।
दो सौ से अधिक प्रकार की दवाएं अस्पताल के भंडारण में पहुंच चुकी है। अस्पताल के कार्यवाहक प्रभारी डॉ. विजेंद्र ने बताया कि अस्पताल में रिक्त चल रहे 15 चिकित्सकों के पदों पर जिला स्वास्थ्य विभाग ने प्रारंभिक चार चिकित्सकों को प्रतिनियुक्ति पर जिम्मेवारी सौंपी है लेकिन स्थायी चिकित्सकों की मांग अभी भी बरकरार है। रोटरी क्लब के असिस्टेंट गवर्नर अजय ठाकुर ने जिला स्वास्थ्य विभाग से स्थायी चिकित्सकों के पद जल्द भरने की मांग की है।