गोहर (मंडी)। वन विभाग की टीम ने कोट-देवीदहड़ सड़क पर एक कार से देवदार के दो स्लीपर बरामद किए हैं। विभागीय टीम ने वाहन (एचपी 33 ई 5942) को जब्त कर आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार देर रात वन विभाग की टीम गश्त पर थी। इस दौरान वाहन को टीम ने रोका तो तलाशी के दौरान वाहन से देवदार की लकड़ी के दो स्लीपर बरामद हुए।
इनकी बिना किसी वैध परमिट के ढुलाई की जा रही थी। प्रारंभिक जांच में यह मामला अवैध लकड़ी की तस्करी से जुड़ा पाया गया है। लकड़ी तस्करी के आरोपी का नाम दीप कुमार पुत्र रूप लाल गांव पोर्ट डाकघर जहल है। वन मंडलाधिकारी नाचन सुरेंद्र कश्यप ने बताया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पकड़ी गई लकड़ी की कीमत 19 हजार रुपये के करीब बताई जा रही है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। संवाद