पधर (मंडी)। पुलिस ने पर्यटन नगरी बरोट स्थित एक होम स्टे में रविवार शाम को छापामारी कर 510 ग्राम चरस और 40 हजार रुपये की नकदी के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है।
थाना प्रभारी अनिल कटोच के नेतृत्व में पधर पुलिस बरोट क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चौहारघाटी के दो युवक बरोट के कृप्यान होम स्टे में चरस को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से ठहरे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने होम स्टे में दबिश दी और दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इंद्र देव और सुभाष चंद निवासी गांव ग्रामन, डाकघर थल्टूखोड़ उपतहसील टिक्कन उपमंडल पधर जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को सोमवार को पधर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच जारी है।