घर के एक तरफ खड्ड तो दूसरी ओर पहाड़ी से मलबा गिरने का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। प्रदेश में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर रखा है। नगर परिषद सुंदरनगर के तुनाही वार्ड निवासी सुभाष कुमार का परिवार भारी बारिश में जागकर रातें गुजारने को मजबूर है। सुभाष के पास कहीं भी कोई जमीन नहीं है। जो जमीन है वहां पर एकमात्र घर है। घर के एक ओर घांघल खड्ड बह रही है और दूसरी ओर पहाड़ी से मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है।
बीपीएल परिवार से संबंध रखने वाले सुभाष कुमार किसी तरह से परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं लेकिन बरसात के कारण अब रातें जागकर गुजारने के लिए मजबूर हैं। सुभाष कुमार का कहना है कि उसके पास किसी दूसरी जगह भी जमीन नहीं है। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह खड्ड की ओर डंगा लगा पाने में सक्षम नहीं है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सहित प्रशासन को भी कई बार सूचित किया परंतु कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने मांग की है कि किसी तरह से उनके घर को सुरक्षित किया जाए। पार्षद गोपाल कपूर ने कहा कि सुभाष कुमार की समस्या को नगर परिषद के हाउस में रखा गया है। घर के साथ डंगा लगाने की टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। संवाद