सुंदरनगर शहर के भोजपुर में हाईवे पर बिजली के पोल से टकराया ट्रक। संवाद
आधे भोजपुर बाजार में रविवार सुबह तक बंद रहेगी बिजली
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर(मंडी)। सुंदरनगर शहर के भोजपुर में हाईवे पर शनिवार शाम को मंडी की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक बेकाबू हो गया और बिजली के पोल से जा टकराया। पोल के साथ टक्कर होने से बिजली की लाइन भी टूट गई। इस कारण शहर के भोजपुर बाजार स्थित आसपास के क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति गुल हो गई। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मौका पर पहुंच कर लाइनों को दुरुस्त कराने का कार्य शुरू कर दिया, लेकिन इस टक्कर के कारण क्षतिग्रस्त हुई बिजली की लाइनों को दुरुस्त करने में करीब दो घंटे का समय लग गया, लेकिन आधे भोजपुर बाजार में रविवार सुबह ही बिजली आपूर्ति बहाल होगी। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ई. मोहित टंडन ने बताया ट्रक के पोल के साथ टकराने के कारण पोल और बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हुई। जिसकी मरम्मत कार्य किया जा रहा है। पोल क्षतिग्रस्त होने से भोजपुर बाजार में कुछ जगह बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी गई। जबकि बाजार में कुछ स्थानों पर रविवार सुबह ही बिजली बहाल हो पाएगी।