लंबाथाच से आलू लेकर पंजाब जा रहा ट्रक चैलचौक के समीप जासन के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक में सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चैलचौक से लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर उन्हें गोहर अस्पताल पहुंचाया, जहां एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। हादसा सड़क किनारे डंगा धंसने के कारण हुआ है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब छह बजे सराज क्षेत्र के लंबाथाच से आलू लेकर पंजाब जा रहा ट्रक एचपी32ए-9293 चैलचौक से कुछ ही दूरी पर जासन के पास डंगा धंसने से करीब तीन सौ फीट नीचे जा गिरा। हादसे में ट्रक में सवार लंबाथाच निवासी चैणू राम, तारू राम, सोहणू राम, बबलू, आशु, छौड़ राम गंभीर रूप हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान सोहणू राम उर्फ कुलदीप की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जासन के पास सड़क पर जाम लगा हुआ था। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक भी जाम में फंसा था। पास देेते समय डंगा धंसने के कारण ट्रक सड़क से नीचे लुढ़क गया। सूचना मिलने ही चैलचौक से भी लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। घायलों को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस से उपचार के लिए गोहर अस्पताल पहुंचाया। नाचन के विधायक विनोद कुमार ने भी मौके पर पहुंच कर घायलों को निकालने में मदद की है।
गोहर थाना प्रभारी चांद किशोर ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायलों का उपचार गोहर अस्पताल में चल रहा है।