जंजैहली-मगरूगला सड़क मार्ग से बर्फ हटाती मशीनरी। स्त्रोत- विभाग
मंडी। जिला मंडी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के बाद से जनजीवन अभी तक अस्त-व्यस्त है। शनिवार शाम 5:00 बजे की ताजा रिपोर्ट के अनुसार जिले के विभिन्न हिस्सों में अभी भी 53 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं, जबकि 32 बिजली ट्रांसफार्मर खराब होने से आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। बर्फबारी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के लोग अभी भी कई तरह की दुश्वारियां झेलने को मजबूर हैं।
सड़क बहाली के मोर्चे पर लोक निर्माण विभाग की टीमें तैनात हैं। रिपोर्ट के मुताबिक सबसे अधिक प्रभाव सराज मंडल में पड़ा है जहां 43 सड़कें बंद हैं। थलौट मंडल में आठ और पधर में दो सड़कें अवरुद्ध हैं। बंद सड़कों में तीन मुख्य जिला मार्ग और 50 ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं। प्रशासन के प्रयासों से सुबह से शाम तक तीन सड़कों को बहाल कर लिया गया है।
बिजली विभाग की रिपोर्ट के अनुसार भारी बर्फ के कारण अभी तक 32 ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं। इनमें से सबसे अधिक 25 ट्रांसफार्मर अकेले थलौट मंडल में प्रभावित हैं। इसके अलावा गोहर, सुंदरनगर, करसोग और मंडी मंडलों में भी बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। राहत की बात यह है कि जिले की जलापूर्ति योजनाएं फिलहाल सामान्य रूप से चल रही हैं।
डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने प्रभावित क्षेत्रों में बहाली कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे खराब मौसम और फिसलन भरी सड़कों को देखते हुए अनावश्यक यात्रा करने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।