मंडी। हिमाचल पथ परिवहन निगम पेंशनर कल्याण संगठन मंडी इकाई ने पेंशन भुगतान में लगातार हो रही देरी पर रोष जताया है। मंडी में हुई बैठक में संगठन के प्रधान अनूप कपूर ने कहा कि अप्रैल की पेंशन का भुगतान अब तक नहीं किया गया, जबकि सेवारत कर्मचारियों को वेतन जारी हो चुका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मार्च की पेंशन भी 14 अप्रैल से 5 मई के बीच अलग-अलग तिथियों में टुकड़ों में जारी कर करीब नौ हजार पेंशनरों को प्रताड़ित किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मांग की कि परिवहन निगम के पेंशनरों के साथ हो रहे भेदभाव को समाप्त किया जाए।
वर्ष 2025 से लंबित तीन प्रतिशत डीए का भुगतान अप्रैल की पेंशन के साथ तुरंत किया जाए। साथ ही 70 वर्ष तक के पेंशनरों को वर्ष 2016 से संशोधित एरियर का भुगतान सरकारी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अनुरूप करने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि 70 वर्ष से कम आयु के पेंशनरों को 50 हजार रुपये की पहली किस्त भी वर्षों से लंबित है। करीब आठ हजार पेंशनरों को एरियर के नाम पर अब तक एक भी पैसा नहीं मिला। इसके अलावा चिकित्सा बिलों का भुगतान भी पिछले तीन-चार वर्षों से लंबित पड़ा है।
गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पेंशनरों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार हर माह पेंशन भुगतान के लिए 25 करोड़ रुपये की अलग से व्यवस्था करे, ताकि पेंशन और अन्य लाभ समय पर मिल सकें। उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों के लंबित एरियर और चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए भी पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने की मांग की।
केडी अवस्थी बने अध्यक्ष
पथ परिवहन निगम पेंशनर कल्याण संगठन मंडी इकाई के द्वितीय चुनाव राज्य कार्यकारिणी की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षकों लीला गोपाल शर्मा, गौरीलाल भारती, नथुराम और लेखराम चंदेल की देखरेख में संपन्न हुए। चुनाव में सर्वसम्मति से केडी अवस्थी अध्यक्ष, सुरेश चंद्र उपाध्यक्ष, अनूप कपूर प्रधान, सुभाष शर्मा वरिष्ठ उपप्रधान, रोशन कटोच महासचिव और बलवंत सेन अतिरिक्त महासचिव चुने गए।