प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए पसीना बहाते खिलाड़ी।
- फोटो : Mandi
जोगिंद्रनगर (मंडी)। धर्मशाला में 27 और 29 अप्रैल को होने वाली हाफ मैराथन में एथलेटिक सेंटर जोगिंद्रनगर के सौ से अधिक खिलाड़ी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
12 लाख की इस इनामी मैराथन प्रतियोगिता में प्रदेश भर के करीब एक हजार खिलाड़ी और एथलेटिक प्रेमी हिस्सा लेंगे। इसके लिए मंडी के जोगिंद्रनगर में स्थित एथलेटिक सेंटर में हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिला के खिलाड़ियों का खेल प्रशिक्षण शुरू हुआ है। धर्मशाला में होने वाली हाफ मैराथन प्रतियोगिता को कई वर्गों में विभाजित किया गया है। इनमें अंडर 14-50 वर्ग की आयु के खिलाड़ी के अलावा 51-60 आयु वर्ग के उम्र दराज खिलाड़ी भी शिरकत करेंगे।
प्रदेश खेल विभाग के तत्वावधान में होने वाली प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 21 किलोमीटर और महिला वर्ग की 10 किलोमीटर की हाफ मैराथन में प्रदेश के खिलाड़ी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। प्रदेश में पहली बार इतनी बड़ी इनामी राशि की प्रतियोगिता में हुनर को दिखाने के लिए इन दिनों एथलेटिक सेंटर में खिलाड़ी खूब पसीना बहा रहे हैं। कोच गोपाल ठाकुर ने बताया कि कुल 12 लाख के नकद इनाम इस प्रतियोगिता में रखे गए हैं।
27 और 29 अप्रैल को धर्मशाला के सिंथेटिक ट्रैक में इस प्रतियोगिता का भव्य आगाज होगा। इसमें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। राज्य स्तरीय एथलेटिक प्रतियोगिता में 100, 200, 800, 1500 मीटर की दौड़ के अलावा 5 व 10 हजार मीटर की दौड़ होगी। इसमें अंडर 14, 16, 18, 20 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के अलावा युवा भी हिस्सा लेंगे। बताया कि पैदल दौड़ भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में होगी। इसमें एथलेटिक सेंटर के 50 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।