करसोग (मंडी)। पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनाव के दृष्टिगत विकास खंड करसोग में मंगलवार को चुनावी तैयारियों को लेकर दूसरा पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रिटर्निंग अधिकारी (पंचायत) एवं एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने की। इस दौरान चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।एसडीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन कार्यों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर डॉ. लोमेश शर्मा और महेंद्र कुमार ने निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों नामांकन पत्र दाखिल करने, उनकी जांच, मतदान व्यवस्था तथा मतगणना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं बीडीओ करसोग सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सभी एआरओ को चुनाव संबंधी आवश्यक सामग्री वितरित की गई।