अभियान शुरू, 21–23 अगस्त को सर्वोच्च न्यायालय में विशेष लोक अदालत के साथ होगा समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सर्वोच्च न्यायालय की ओर से न्याय को सरल, सुलभ और शीघ्र बनाने के लिए समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) आयोजित किया जा रहा है। इसमें आपसी सहमति और मध्यस्थता से लंबित मामलों का निपटारा किया जाएगा। यह अभियान शुरू हो चुका है और 21–23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय में विशेष लोक अदालत के साथ समाप्त होगा। विशेष लोक अदालत से पूर्व देशभर में विभिन्न स्तरों पर पूर्व-सुलह बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इनमें राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, तालुका विधिक सेवा समितियां तथा उच्च न्यायालय विधिक सेवा समितियां शामिल हैं। इच्छुक पक्षकार सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म के माध्यम से 31 मई 2026 तक पंजीकरण कर सकते हैं।