जोगिंद्रनगर (मंडी)। दिवाली पर्व पर शहर में यातायात को व्यवस्थित रखने को लेकर जोगिंद्रनगर यातायात पुलिस की योजना काम नहीं आ रही है। शहर में अचानक उमड़ी वाहनों की आवाजाही से यातायात व्यवस्था इस कदर पटरी से उतरी कि आपात वाहनों को भी रेंग-रेंगकर चलना पड़ा। वीरवार को दूरदराज के क्षेत्रों से वाहन लेकर खरीदारी के लिए शहर पहुंचे वाहन चालकों के वाहन मुख्य सड़कों पर आड़े तिरछे पार्क हो जाने से जाम की समस्या पेश आई। बस अड्डे से रेलवे फाटक तक सड़क किनारे आइडल पार्किंग के चलते हाईवे जाम की दिक्कत पेश आई।
राम लीला मैदान में चिन्हित पार्किंग में वाहनों की क्षमता फुल हो जाने के बाद खरीदारी के लिए पहुंचे ग्राहकों के लिए वाहनों की पार्किंग की कोई भी अतिरिक्त व्यवस्था नहीं हो पाई। वन-वे मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही ने शहर में वाहनों की रफ्तार रोक डाली। उपायुक्त मंडी के आदेशानुसार जोगिंद्रनगर शहर की प्रमुख सड़कों में वाहनों की पार्किंग भी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों को स्थान नहीं मिल पाया। जिस कारण शहर में यातायात व्यवस्था का पुलिस का प्लान भी औंधे मुंह गिर पड़ा। वहीं दुकानदारों ने भी सड़क किनारे दुकानदारी सजाकर यातायात को प्रभावित किया। बुधवार देर शाम को भी जोगिंद्रनगर- सरकाघाट मार्ग और मंडी-पठानकोट हाईवे में जाम का आलम बना रहा। मुख्य बाजार में एंबुलेंस में फंसी रही।
डीएसपी पधर संजीव सूद ने बताया कि हाईवे पर यातायात व्यवस्थित करने के लिए यातायात पुलिस के जवान मुस्तैद हैं। सड़क के दोनों ओर बेहतरतीब ढंग से पार्क हुए वाहनों और दुकानदारी सजने के कारण जाम की समस्या पेश आती है। पुलिस अब ऐसे लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाकर सबक सिखाएगी।