बहुमंजिला पार्किंग में खड़े होंगे वाहन, निर्धारित स्थल पर लगेंगी अस्थायी दुकानें
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। दिवाली के मद्देनजर नगर परिषद सरकाघाट ने बाजार में यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए कुछ बदलाव किए हैं। नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा देवी की अध्यक्षता में आयोजित विशेष बैठक में एसडीएम एवं नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र कुमार गौतम उपस्थित रहे। बैठक में त्योहार के दौरान अस्थायी दुकानें लगाने के लिए स्थल निर्धारित करने सहित नगर परिषद से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि दिवाली के दौरान शिव मंदिर के समीप शहरी विकास विभाग के अंतर्गत नगर परिषद की प्रस्तावित पार्किंग भूमि पर पटाखों, मिठाइयों, बर्तनों और अन्य त्योहार संबंधी सामान की बिक्री के लिए अस्थायी दुकानें लगाई जा सकेंगी। वहीं, बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग नगर परिषद की बहुमंजिला पार्किंग में की जाएगी। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य बाजार में भीड़भाड़ कम करना और यातायात को सुचारु बनाए रखना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकाघाट बाजार में खुले में पटाखे बेचने की अनुमति नहीं होगी। पटाखा विक्रेताओं को निर्धारित स्थल पर ही नियमानुसार बिक्री करनी होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विक्रेताओं को ज्वलनशील पदार्थों और आग के स्रोतों से उचित दूरी बनाए रखने सहित सभी आवश्यक सुरक्षा सावधानियां बरतनी होंगी।
बैठक में नगर परिषद के कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए पालतू पशुओं के पंजीकरण, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के लाइसेंस, विज्ञापन एवं होर्डिंग्स तथा ठोस कचरा प्रबंधन से संबंधित उपनियमों को मंजूरी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त वित्तीय वर्ष 2026-27 के वार्षिक बजट की समीक्षा के बाद उसे भी स्वीकृति दे दी गई।