गेस्त हाउस में सौ प्रतिशत ऑक्यूपेंसी, जिले के पर्यटन स्थल पर्यटकों से हो रहे गुलजार
संवाद न्यूूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने से कांगड़ा सीमा से सटे बरोट वैली और बीड़ बिलिंग में पर्यटकों की आमद बढ़ने से होटलों की ऑक्यूपेंसी शत प्रतिशत हो गई है। चौहारघाटी के बरोट और कांगड़ा जिला के बीड़ बिलिंग में 500 से अधिक होटल और गेस्ट हाउस में पर्यटकों को रात्रि ठहराव के लिए कमरे नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में अब कैंपिंग साइट की तरफ पर्यटकों का रुझान रात्रि ठहराव के लिए बढ़ा है।
यहां पर पर्यटकों को हरी भरी वादियों के बीच शांतिप्रिय वातावरण उपलब्ध करवाया जा रहा है। मनोरंजन के लिए गायक कलाकार भी पहुंच रहे हैं। हर पर्यटक से तीन हजार से 3500 रुपये शुल्क आकर्षक पैक के साथ वसूला जा रहा है। बरोट वैली में पर्यटकों की आमद वीकेंड पर करीब एक हजार पहुंच रही है। पर्यटन यहां राजगुंधा और बड़ागांव में वादियों को निहारने पहुंच रहे हैं। उहल नदी पर रीवर क्रॉसिंग को लेकर भी पर्यटकों का खूब उत्साह देखने को मिल रहा है। बरोट बाजार से सटी शानन परियोजना की रेजर वायर और यहां पर आकर्षण का केंद्र बने फव्वारे को निहारने बड़े पर्यटक पहुंच रहे हैं।
उधर, डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि घटासनी से बरोट तक हाईवे जाम से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस चौकी टिक्कन और मुल्थान के जवानों के साथ पधर पुलिस भी पेट्रोलिंग कर यातायात व्यवस्था जांच रही है। वहीं, एसडीएम पधर सुरजीत ने बताया कि बरोट वैली में पर्यटकों की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध कर रखे हैं। एसडीएम बैजनाथ देवी सिंह चौहान ने बताया कि बैजनाथ और बीड़ पुलिस पर्यटकों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे तैनात है।