31 अगस्त से विजयवाड़ा में होने वाली राष्ट्रीय अंडर-14 प्रतियोगिता में करेंगे प्रदेश का प्रतिनिधित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। अंडर-14 लड़कों की बास्केटबाल प्रतियोगिता में मंडी जिले के तीन खिलाड़ियों का हिमाचल प्रदेश की टीम के लिए चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ी 31 अगस्त से आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय अंडर-14 बास्केटबाल प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। सीबीएसई स्कूल मंडी में 24 से 26 जुलाई तक आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14 लड़कों की बास्केटबाल प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर हिमाचल प्रदेश की टीम का चयन किया गया है।
जिला बास्केटबाल संघ के महासचिव अशोक भुट्टो ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद चयन समिति ने प्रदेश टीम का गठन किया। हमीरपुर के दो, ऊना का एक, बिलासपुर का एक, सिरमौर का एक, शिमला का एक और सोलन का एक खिलाड़ी भी प्रदेश टीम के लिए चयनित हुआ है। अब प्रदेश टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों में जुटेगी।