लडभड़ोल स्थित रथैर दुर्गा माता मंदिर के समीप तोड़ा गया दानपात्र। संवाद
लडभड़ोल (मंडी)। लडभड़ोल क्षेत्र के रथैर गांव स्थित दुर्गा माता मंदिर में शनिवार रात अज्ञात चोरों ने तीन ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पंडोल-बनांदर मार्ग पर स्थित इस मंदिर में चोरों ने दानपात्र तोड़कर लगभग आठ हजार रुपये की नकदी चुरा ली।
रविवार सुबह मंदिर प्रबंधन को इस घटना का पता चला, जब शिकायतकर्ता रणवीर सिंह और संतोष कुमार पूजा करने पहुंचे। उन्होंने मंदिर के मुख्य गेट और अंदर वाले गेट के ताले टूटे हुए पाए। मंदिर का दानपात्र भी टूटा हुआ मंदिर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे मिला, जिसमें रखी नकदी गायब थी। बताया गया कि यह दानपात्र पिछले छह महीनों से नहीं खोला गया था, जिसमें करीब आठ हजार रुपये जमा थे।
मामले की सूचना लडभड़ोल पुलिस चौकी को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए। पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कटोच ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
लडभड़ोल स्थित रथैर दुर्गा माता मंदिर के समीप तोड़ा गया दानपात्र। संवाद