सरकाघाट (मंडी)। सेना में वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त होकर अपने गांव लौटे सरकाघाट क्षेत्र के तीन पूर्व सैनिकों का सोमवार को भावपूर्ण स्वागत किया गया। ग्रामीणों, परिजनों और यूनाइटेड फ्रंट ऑफ एक्ससर्विसमैन जेसीओ-ओआर यूनिट सरकाघाट ने उनका सम्मान करते हुए उनके योगदान को सलाम किया।
25 पंजाब रेजिमेंट के सूबेदार प्रवीण कुमार ने 28 वर्ष, जबकि 11 मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री के हवलदार अनिल कुमार और 16 पंजाब रेजिमेंट के हवलदार कमल किशोर ने 24-24 वर्ष तक सेना में सेवाएं दीं। अपने-अपने पैतृक गांव लौटने पर तीनों का ढोल-नगाड़ों और भारत माता के जयघोष के बीच स्वागत किया गया। कार्यक्रम में यूनाइटेड फ्रंट ऑफ एक्ससर्विसमेन के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन जगदीश वर्मा ने कहा कि सेना से सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि समाज के लिए नई जिम्मेदारी की शुरुआत होती है। उन्होंने कहा कि इन सैनिकों का समर्पण युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करेगा। इस मौके पर कैप्टन अशोक कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।