सूचना देने वालों को मिलेगा पुरस्कार, आरोपियों की सुविधाएं होंगी खत्म
पहली ग्रामसभा में पंचायत प्रतिनिधियों ने किया एलान
ग्रामसभा में फेरी वालों की गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्णय भी लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। विकास खंड चौंतड़ा की तलकेहड़ पंचायत में चिट्टे (नशीले पदार्थ) का सेवन करने और इसकी बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया है। पंचायत ने ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार करने के साथ-साथ पंचायती राज विभाग की ओर से मिलने वाली सुविधाओं को भी समाप्त करने का प्रस्ताव पारित किया है। नशे के कारोबार की सूचना देने वाले लोगों को पंचायत की ओर से सम्मानित कर पुरस्कार दिया जाएगा। रविवार को आयोजित पंचायत की पहली ग्रामसभा में ये महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। पंचायत प्रधान शूचिका की अध्यक्षता में हुई ग्रामसभा में बिजली, पानी और स्वच्छता व्यवस्था के विस्तार को लेकर भी कई प्रस्ताव पारित किए गए। इसके अलावा स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर और सुदृढ़ करने का निर्णय लिया गया। पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए लाखों रुपये का बजट खर्च करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। ग्रामसभा में फेरी वालों की गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्णय भी लिया गया।
पंचायत सचिव रतन भारती ने पंचायती राज विभाग के तहत चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। उपप्रधान संजय कुमार, वार्ड सदस्य रक्षा देवी, रवि कुमार, मंगत राम, शालू, जीवना और लता देवी ने सभी वार्डों में नए विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया। ग्रामसभा से पहले ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। इसके बाद सभी वार्डों में पक्के रास्तों, एंबुलेंस योग्य सड़कों, सोलर लाइटों और सामुदायिक नालियों के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव भी पारित किए गए।